प्रशासन के खिलाफ आर-पार की लड़ाई की तैयारी, एआरटी दवा छोड़ने पर हो सकता है बड़ा फैसला
रायपुर। एचआईवी और एड्स से प्रभावित लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। इसी को लेकर सोमवार को राजधानी रायपुर में एक गोपनीय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें कई राज्यों से बड़ी संख्या में एचआईवी संक्रमित लोगों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में प्रशासन के खिलाफ आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।
छह राज्यों से आएंगे प्रतिनिधि
विश्वस्त सूत्रों के अनुसार इस बैठक में छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, ओडिशा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और झारखंड से एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों और उनके प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी। एचआईवी प्रभावित लोगों के संगठन सीजीएनपी प्लस की ओर से इस बैठक का आयोजन किया जा रहा है।
एआरटी दवा छोड़ने पर हो सकती है चर्चा
संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि छत्तीसगढ़ राज्य एड्स नियंत्रण समिति के प्रशासनिक रवैये से समुदाय के लोग लगातार परेशान हैं। उनका कहना है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो सैकड़ों संक्रमित जीवन-रक्षक एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) की दवा लेना बंद करने का फैसला कर सकते हैं।
प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
संगठन का कहना है कि यदि एआरटी दवा बंद करने के कारण किसी संक्रमित की तबीयत बिगड़ती है या मृत्यु होती है, तो इसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। फिलहाल प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
बैठक के बाद लिए जाने वाले निर्णयों पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका असर बड़ी संख्या में एचआईवी संक्रमित लोगों के स्वास्थ्य और उपचार पर पड़ सकता है।







