जामुल के नारधा क्षेत्र में वारदात, इलाज के दौरान युवक की मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में लगातार दूसरे दिन चाकूबाजी और हत्या की घटना से दहशत का माहौल है। जामुल थाना क्षेत्र के नारधा बस्ती में मामूली विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने 36 वर्षीय ट्रैक्टर चालक भीषम गायकवाड पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल भीषम को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक भीषम गायकवाड और अरविंद चतुर्वेदी उर्फ लोमन (40 वर्ष) के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने गुस्से में चाकू निकालकर भीषम पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक भीषम गायकवाड पेशे से ट्रैक्टर चालक था और अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद जामुल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।








