अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक-ट्रेलरों से चुराते थे डीजल, बोलेरो समेत चोरी का सामान जब्त
रायगढ़। रायगढ़ जिले में तमनार पुलिस ने ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस को गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिलने पर घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सड़कों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल निकालकर चोरी करते थे। चोरी के लिए वे विशेष उपकरणों और प्लास्टिक पाइप का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।








