सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठे, पुलिस ने आरोपियों को भेजा न्यायिक रिमांड पर
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 90 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर प्राइवेट फाइनेंस कंपनी से जुड़े होने का फायदा उठाकर लोगों को सस्ते दाम में गिरवी रखा सोना दिलाने का झांसा देकर ठगी करने का आरोप है।
सस्ता सोना दिलाने का दिया लालच
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी रेखा राठौर अपने परिचित लोगों को बैंक में गिरवी रखे सोने के आभूषण कम कीमत में दिलाने का भरोसा दिलाती थी। इसी झांसे में आकर सक्ती निवासी मूलचंद राठौर ने अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को करीब 90 लाख रुपये दे दिए।
ठगी का एहसास होने पर दर्ज कराई शिकायत
जब लंबे समय तक न तो सोना मिला और न ही रुपये वापस किए गए, तब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उसने सक्ती पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रेखा राठौर, अफरोज खान और सुभाष साहू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले की जांच जारी
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं। साथ ही ठगी की रकम और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।








