फोटो और निजी जानकारी वायरल करने की धमकी देकर वसूली रकम
छुईखदान। केसीजी जिले के छुईखदान थाना क्षेत्र में वैवाहिक संबंध के लिए बनाए गए जीवनसाथी ऐप के जरिए युवती से ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी रोहित यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का झांसा देकर हासिल की निजी जानकारी
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने जीवनसाथी ऐप के माध्यम से युवती से संपर्क किया और उससे शादी करने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती की व्यक्तिगत जानकारी और फोटो हासिल कर लिए। इसके बाद इन्हीं फोटो और निजी जानकारियों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर युवती से पैसे की मांग की।
धमकी देकर 1 लाख 67 हजार रुपये ऐंठे
आरोप है कि आरोपी ने युवती को बदनाम करने और उसकी निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर अलग-अलग माध्यमों से कुल 1 लाख 67 हजार रुपये की रकम ठग ली। परेशान युवती ने मामले की शिकायत छुईखदान पुलिस से की।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल
शिकायत मिलने के बाद छुईखदान पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी रोहित यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद पुलिस ने उसे 10 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया।
इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।








