ऑपरेशन बाज के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 लाख की संपत्ति बरामद
मुंगेली। जिले में शासकीय उचित मूल्य की दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले गिरोह का मुंगेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
200 कट्टी चावल समेत बड़ी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 100 क्विंटल यानी 200 कट्टी चावल, 16 कट्टी शक्कर, बिक्री की रकम और अन्य सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल पिकअप वाहन, लोहे का रॉड, चाकू, प्लास्टिक की बोरियां और मोबाइल फोन भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों से बरामद सामान और वाहन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। प्रारंभिक जांच में गिरोह द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकानों और सोसायटियों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है।
आरोपियों से पूछताछ में और खुलासे की उम्मीद
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में जांच कर रही है। पुलिस को पूछताछ के दौरान चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद है।








