कुशवाहा चौक पर हुई वारदात, पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
अंबिकापुर। शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का एक और मामला सामने आया है। प्रतापपुर नाका स्थित कुशवाहा चौक में दिनदहाड़े एक इंजीनियर से लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने इंजीनियर का लैपटॉप, कैमरा और सर्वे कार्य में उपयोग होने वाले उपकरण छीन लिए और मौके से फरार हो गए। घटना की पूरी तस्वीर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
प्लॉट का लेआउट कराने पहुंचे थे इंजीनियर और प्रार्थी
जानकारी के अनुसार, डेयरी फार्म रोड निवासी अमर कुशवाहा (29) ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि उसके मामा रामनाथ कुशवाहा के नाम पर केदारपुर स्थित कुशवाहा चौक के पास एक प्लॉट है, जहां मकान निर्माण की तैयारी की जा रही थी। 14 जून 2026 को अमर कुशवाहा इंजीनियर लक्ष्मी नारायण के साथ प्लॉट का लेआउट कराने वहां पहुंचे थे।
घर निर्माण का विरोध करते हुए की गाली-गलौज और धमकी
शिकायत के मुताबिक, दोपहर करीब 1:10 बजे लेआउट का कार्य पूरा कर दोनों बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान सूर्या कुशवाहा, भगवान कुशवाहा और लोकेश्वर कुशवाहा वहां पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने मकान निर्माण का विरोध करते हुए अश्लील गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
विवाद के दौरान लैपटॉप और मशीन छीनकर भागे आरोपी
प्रार्थी ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान सूर्या कुशवाहा ने कार में रखा लैपटॉप छीन लिया, जबकि लोकेश्वर कुशवाहा इंजीनियर की लेवल मशीन लेकर फरार हो गया। शोर-शराबा होने पर आरोपी मौके से भाग निकले। वारदात में कैमरा और अन्य तकनीकी उपकरण भी ले जाने की बात सामने आई है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने सूर्या कुशवाहा, भगवान कुशवाहा और लोकेश्वर कुशवाहा के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी है और जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







