‘ऑस्ट्रेलिया से सोना लाने’ का झांसा देकर डिजिटल अरेस्ट के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर। शहर में साइबर ठगी का एक नया मामला सामने आया है, जिसमें जालसाजों ने व्यापारी की बहन को फोन कर उसके भाई की गिरफ्तारी का डर दिखाते हुए 49 हजार रुपये की ठगी कर ली। कुछ समय बाद महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गोंडपारा सिंधी मोहल्ला निवासी विनय ठारवानी (31) व्यवसायी हैं और उनकी मिठाई की दुकान संचालित करते हैं। विनय ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह करीब 7 बजे उनकी बहन पूनम ठारवानी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को अधिकारी बताते हुए कहा कि उनका भाई ऑस्ट्रेलिया से सोना लाते हुए पकड़ा गया है और उसे दिल्ली एयरपोर्ट पर हिरासत में रखा गया है।
जालसाजों ने मामले को गंभीर बताते हुए भाई को छोड़ने के लिए पैसे की मांग की। डर के माहौल में महिला ने पहले 30 हजार रुपये और बाद में 18,350 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी ठग लगातार और पैसे की मांग करते रहे, जिससे महिला को शक हुआ और उन्हें ठगी का एहसास हो गया।
घबराकर महिला ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और तुरंत अपने भाई विनय ठारवानी को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। तब जाकर स्पष्ट हुआ कि यह साइबर ठगी का मामला है और उन्हें धोखा दिया गया है।इसके बाद पीड़ित परिवार ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








