नगरी तहसील के फरसिया गांव में खनिज विभाग की छापेमारी, मामला दर्ज कर जांच शुरू
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध मुरूम उत्खनन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को जब्त किया है। यह कार्रवाई विभागीय टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर की गई त्वरित जांच के बाद की गई।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, 18 जून को खनिज विभाग की टीम ने नगरी तहसील के ग्राम फरसिया में अवैध मुरूम उत्खनन की शिकायत पर दबिश दी। इस दौरान मौके पर टायर माउंटेड जेसीबी मशीन को अवैध रूप से मुरूम निकालते हुए पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
अधिनियम के तहत मामला दर्ज
खनिज विभाग ने इस मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। विभाग द्वारा संबंधित व्यक्ति के खिलाफ अर्थदंड की कार्रवाई भी की जा रही है।
लगातार चल रहा अभियान
धमतरी जिले में प्रशासन द्वारा अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।








