फोन पर बात करने से इनकार करने पर भड़का आरोपी
बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकारी में एकतरफा प्रेम के चलते युवती पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
गुपचुप ठेला चलाकर परिवार का करती है पालन-पोषण
जानकारी के अनुसार, ग्राम टिकारी निवासी किरण निर्मलकर बस स्टैंड के पास गुपचुप का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। उसकी पहचान तोरवा क्षेत्र निवासी संदीप खरे से थी। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह संदीप ने युवती को फोन किया था, लेकिन युवती ने उससे बातचीत करने से मना करते हुए कॉल काट दिया।
दो चाकू लेकर ठेले पर पहुंचा आरोपी
फोन काटे जाने से नाराज आरोपी शाम करीब 7:30 बजे दो चाकू लेकर सीधे युवती के ठेले पर पहुंच गया। वहां उसने युवती के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने अपने पास रखे चाकुओं से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन
हमले के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवती की चीख-पुकार सुनकर उसकी मां सौवरीन बाई और भाई दीपक घटनास्थल पर पहुंचे और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।
अस्पताल में जारी है उपचार
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवती को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार युवती को कई गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








