रायगढ़ के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले की घटना, जांच में जुटी पुलिस
रायगढ़। शहर के कोष्टापारा नया गंज मोहल्ले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रील बनाने के दौरान 22 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव घर के कमरे में सीलिंग फैन से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमरे का दरवाजा अंदर से था बंद
मृतका की पहचान विशाखा देवांगन (22 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोपहर में जब वे घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजे की दरार से अंदर झांककर देखा, जहां विशाखा फंदे पर लटकी हुई दिखाई दी। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।
मोबाइल फोन में मिला वीडियो
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार वीडियो में महिला फंदा लगाकर रिकॉर्डिंग करती हुई दिखाई दे रही है।
रील बनाते समय हादसे की आशंका
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि विशाखा सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान यह हादसा हो गया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस जुटी साक्ष्य एकत्र करने में
कोतवाली पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं और मृतका के परिजनों तथा आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी दी जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।








