हरियाणा के दो विभागों के खातों से 60.54 करोड़ रुपये के कथित दुरुपयोग की जांच में बड़ी कार्रवाई
चंडीगढ़। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया। यह गिरफ्तारी सरकारी फंड के कथित गलत इस्तेमाल के मामले में की गई है।
मामला चंडीगढ़ स्थित सेक्टर-32 में आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की शाखा से जुड़ा है, जहां IDFC FIRST Bank में हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद (HSSPP) और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (HSAMB) के खाते संचालित किए जा रहे थे। इन्हीं खातों के माध्यम से सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप सामने आया है।
जांच में सामने आया है कि ये खाते हरियाणा सरकार के वित्त विभाग के नियमों का उल्लंघन करते हुए खोले गए थे और बाद में इनमें निर्धारित सीमा से अधिक धनराशि ट्रांसफर की गई। बताया जा रहा है कि यह पूरा मामला उस समय का है जब पंकज अग्रवाल प्रधान सचिव के पद पर तैनात थे।
सीबीआई की जांच के अनुसार, इन खातों में कथित रूप से फर्जी लेन-देन के जरिए सरकारी फंड का दुरुपयोग किया गया, जिससे राज्य सरकार को लगभग 60.54 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
जांच एजेंसी ने कहा है कि पूछताछ और दस्तावेजी सबूतों के आधार पर पंकज अग्रवाल के खिलाफ ठोस साक्ष्य मिले हैं। उन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।








