तुगलकाबाद की गली नंबर-10 में हुई घटना से दहशत, स्थानीय लोगों में आक्रोश
दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आवारा पशुओं का आतंक एक बार फिर सामने आया है। तुगलकाबाद इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना में एक आवारा गाय ने घर से बाहर निकले छोटे बच्चे पर अचानक हमला कर दिया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना बीते 19 जून की बताई जा रही है, जो तुगलकाबाद एक्सटेंशन की गली नंबर-10 में हुई। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि गली में सामान्य रूप से लोग आ-जा रहे थे, तभी अचानक एक गाय बच्चे पर टूट पड़ती है। बच्चा घबराकर खुद को बचाने की कोशिश करता है और लगातार मदद की गुहार लगाता है, “मम्मी-मम्मी” चिल्लाता हुआ इधर-उधर भागता है, लेकिन गाय उसे बार-बार गिराकर हमला करती रहती है।
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग घरों से बाहर निकलते हैं और किसी तरह बच्चे को बचाने की कोशिश करते हैं। एक व्यक्ति आगे बढ़कर गाय के पास पहुंचता है और बच्चे को उठाकर गोद में लेकर भागने लगता है, लेकिन कुछ दूरी पर वह भी गिर जाता है। इसके बावजूद गाय पीछा करते हुए हमलावर बनी रहती है।
इसके बाद अन्य लोग भी मौके पर पहुंचते हैं और मिलकर किसी तरह गाय को वहां से भगाते हैं। इस हमले में बच्चा घायल हो गया है। घटना का वीडियो गोविंदपुरी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
इस घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और आवारा पशुओं की समस्या पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







