शिव दुर्गा विहार में किराए के घर में मिला था बच्चे का शव, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले के सूरजकुंड थाना क्षेत्र स्थित शिव दुर्गा विहार में रविवार को एक तीन साल के मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मामले में फरीदाबाद पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए बच्चे के सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान फरीदाबाद के SGM नगर निवासी 23 वर्षीय सुशांत के रूप में हुई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुशांत ने करीब एक साल पहले सुधा नामक महिला से प्रेम विवाह किया था। सुधा की यह दूसरी शादी थी और उसकी पहली शादी से एक तीन वर्षीय बेटा था। बताया जा रहा है कि आरोपी को बच्चा पसंद नहीं था, जिससे घर में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, सुधा अक्सर अपने बेटे से मिलने अपनी मां के घर जाती थी, जो दंपति के बीच विवाद का कारण बनता था और दोनों के बीच लगातार झगड़े होते थे। इसी घरेलू विवाद की पृष्ठभूमि में यह दर्दनाक घटना सामने आई है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।







