सेना भवन के पास स्थित अस्थायी कैंप में लगी आग, दमकल की 25 गाड़ियों ने पाया काबू
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में उद्योग भवन के पास बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया, जहां मजदूरों द्वारा रहने के लिए बनाए गए करीब 200 टिन शेड्स में भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर ऑफिसर संदीप दुग्गल के अनुसार, यह इलाका सेना भवन के पास स्थित है, जहां निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी टिन शेड्स का कैंप बनाया गया था।
जानकारी के मुताबिक, इन टिन शेड्स के अंदर श्रमिक खाना पकाने के लिए छोटे एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग कर रहे थे। साथ ही परिसर में बिजली के तार भी अव्यवस्थित तरीके से फैले हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई।
दमकल विभाग को तड़के 3:04 बजे आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तुरंत 20 गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में 25 दमकल गाड़ियां तैनात करनी पड़ीं। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुबह तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
हालांकि इस घटना में किसी बड़े जानमाल के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पूरे क्षेत्र में भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है।







