ग्राम उदयबंद में आयोजित सभा पर कार्रवाई, धार्मिक साहित्य जब्त
जांजगीर। जिले के ग्राम उदयबंद में आयोजित एक कथित ईसाई चंगाई सभा को लेकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक पास्टर सहित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मौके से बाइबल समेत ईसाई धर्म से संबंधित साहित्य और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए हैं।
हिंदू जागरण मंच ने दर्ज कराई शिकायत
जानकारी के अनुसार हिंदू जागरण मंच के जिला संपर्क प्रमुख सतीश सोनी ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम उदयबंद के गुड़ीपारा में बद्रीनाथ बरेठ अपने निवास पर बाहरी लोगों को बुलाकर चंगाई सभा का आयोजन कर रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि सभा में लोगों को बीमारी ठीक करने और चमत्कारी जल पिलाने का दावा करते हुए ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था तथा हिंदू देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही थीं। �
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और आयोजन से जुड़े लोगों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दो आरोपित गिरफ्तार, जेल भेजे गए
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मकान मालिक बद्रीनाथ बरेठ और पास्टर रथराम महिलांगे को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मौके से धार्मिक साहित्य, दस्तावेज और अन्य सामग्री भी जब्त की है।









