आउटर और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई पुलिस गश्त
कबीरधाम। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने शुक्रवार देर रात आउटर और संवेदनशील इलाकों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस टीम ने घोठिया रोड सहित शहर के कई सुनसान और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन कर रहे लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की। बाद में सभी को थाने लाकर समझाइश दी गई और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
नशे और असामाजिक तत्वों पर सख्त रुख
एसपी धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि कबीरधाम पुलिस का मुख्य उद्देश्य जिले में सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण स्थापित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे, असामाजिक गतिविधियों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधों पर नियंत्रण और जनता का विश्वास मजबूत करना प्राथमिकता है।
यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी चालानी कार्रवाई
रात्रिकालीन अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की। मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने वाले और अन्य नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चालान काटे गए।







