बीजापुर में आधुनिक कृषि यंत्रों का किया गया निरीक्षण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में खेती को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि यंत्रीकरण को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी दिशा में राज्य सरकार द्वारा कृषि यांत्रिकीकरण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
किसान को उपलब्ध कराए गए आधुनिक कृषि उपकरणों का अवलोकन
इसी कड़ी में गुरुवार को बीजापुर जिले के ग्राम मांझीगुड़ा में किसान योगेश बांकड़े को अनुदान पर उपलब्ध कराए गए आधुनिक कृषि यंत्रों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक उपकरणों के उपयोग से खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाने पर जोर दिया।
जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान बस्तर सांसद महेश कश्यप, छत्तीसगढ़ जनजाति आयोग के अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल परदेशी सहित बस्तर संभाग के बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा जिलों के कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं मत्स्य पालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से बढ़ेगी किसानों की आय
राज्य सरकार का उद्देश्य कृषि में आधुनिक मशीनों और तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देकर खेती की लागत कम करना, उत्पादकता बढ़ाना और किसानों की आय में वृद्धि करना है। कृषि यंत्रीकरण योजना के माध्यम से किसानों को अनुदान पर आधुनिक कृषि उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे खेती अधिक आसान, समयबद्ध और लाभकारी बन सके।











