सोनाईडीह में जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित
रायपुर। विकसित भारत जी-राम-जी (VB-GRAM-G) योजना के राष्ट्रीय शुभारंभ के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनाईडीह में जिला स्तरीय जन सम्मेलन एवं शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान के राष्ट्रीय संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सीधा प्रसारण देखा और सुना गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, ग्रामीणों तथा बड़ी संख्या में श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
125 दिनों का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गांवों के समग्र विकास और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विकसित भारत जी-राम-जी योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को अब 125 दिनों का रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी उपलब्ध कराई जाएगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम
सत्यलता मिरी ने कहा कि विकसित भारत का सपना जनभागीदारी से ही साकार होगा। योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे लोगों का जीवन स्तर सुधरेगा और आत्मनिर्भर ग्रामीण भारत के निर्माण को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि योजना का क्रियान्वयन पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा और इसके तहत जल संरक्षण, जल संवर्धन तथा टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी।
पलायन में कमी और गांवों का होगा समग्र विकास
जिला पंचायत सदस्य मोहन कुमारी साहू ने कहा कि इस योजना से ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर अधिक रोजगार मिलेगा, जिससे पलायन में कमी आएगी और गांवों के विकास को नई दिशा मिलेगी।
वहीं जनपद पंचायत अध्यक्ष मनीषा चौहान ने कहा कि योजना के जरिए प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार सुनिश्चित किया जाएगा।
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का लिया प्रण
कार्यक्रम में के.के. चंद्रा, रूपा सिंह देव, उत्तरा सिदार, अमिता लहरे, सुरेश साहू और गोकुल जायसवाल सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने तथा गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएं, ग्रामीण नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।











