रायगढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 15 वर्षीय नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को भेजा गया न्यायिक रिमांड पर
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोतरारोड़ पुलिस ने लापता 15 वर्षीय स्कूली छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने छात्रा को शादी का झांसा देकर भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत की गई।
स्कूल जाने निकली थी, फिर नहीं लौटी घर
पुलिस के अनुसार, 11 फरवरी 2026 को पीड़िता की मां ने थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी 15 वर्ष 11 माह की बेटी सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची।
शाम को स्कूल से फोन आने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने छात्रा की तलाश रास्तों और रिश्तेदारों के यहां की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
बहला-फुसलाकर ले जाने की जताई थी आशंका
परिजनों ने आशंका जताई थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 10/2026 दर्ज किया और मामले में अपराध क्रमांक 44/2026 के तहत धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बरामद कर आरोपी को किया गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने नाबालिग छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शादी का झांसा देकर छात्रा को भगाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।











