19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक से की मुलाकात, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं: अमित जोगी
रायपुर। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नई दिल्ली में चल रहे आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने समर्थन दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन में शामिल हुए।

सोनम वांगचुक से की मुलाकात
आंदोलन के दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने वांगचुक के साहस और संघर्ष की सराहना करते हुए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन किया। साथ ही, उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

इस अवसर पर अमित जोगी ने कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष अभिजीत दीपके से भी मुलाकात की।
‘छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ स्वीकार नहीं’
अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों विद्यार्थियों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो इससे युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज होता है और सरकार को विद्यार्थियों व आंदोलनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनकर उचित निर्णय लेना चाहिए।

छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी रहेगी पार्टी
अमित जोगी ने कहा कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) हमेशा छात्रों, युवाओं और उनके अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बनाए रखना और विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।








