देवगढ़ गांव में मिला 26 वर्षीय महिला का शव, पुलिस जांच में जुटी
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगढ़ में एक 26 वर्षीय विवाहिता का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सीमा यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
गुरुवार रात घर से निकली थी सीमा
जानकारी के अनुसार, ग्राम कुमडेवा निवासी सीमा यादव का विवाह वर्ष 2022 में देवगढ़ निवासी सतीश यादव के साथ हुआ था। बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 3 बजे सीमा घर से निकली थी, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना सीमा के मायके वालों को भी दी थी।
गांव के बाहर पेड़ पर लटका मिला शव
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ की लगभग 25 फीट ऊंची डाल पर महिला का शव फंदे से लटका हुआ देखा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की।
मायके पक्ष ने लगाए प्रताड़ना और हत्या के आरोप
मृतका के परिजनों का आरोप है कि सीमा को शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा प्रताड़ित किया जाता था। उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
फॉरेंसिक विशेषज्ञ से कराया गया पोस्टमार्टम
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां शनिवार को फॉरेंसिक विशेषज्ञ की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सभी पहलुओं से जांच जारी
उदयपुर थाना पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और आत्महत्या तथा हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और ससुराल पक्ष के बयान दर्ज कर घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।









