रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सूने मकानों और दुकान में की गई थी चोरी
रायपुर। रायपुर के विधानसभा, तिल्दा-नेवरा, धरसींवा और खरोरा थाना क्षेत्रों में हुई नकबजनी और वाहन चोरी की आधा दर्जन घटनाओं का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर, चोरी के जेवरात खरीदने वाला आरोपी तथा दो विधि के साथ संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों ने मिलकर कई वारदातों को अंजाम दिया था।
5 सूने मकानों और 1 दुकान में की थी चोरी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने 5 सूने मकानों और 1 दुकान में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इसके अलावा वाहन चोरी की वारदातें भी इसी गिरोह द्वारा की गई थीं।
हिस्ट्रीशीटर अविनाश गोस्वामी मुख्य आरोपी
मुख्य आरोपी की पहचान अविनाश गोस्वामी के रूप में हुई है, जो महासमुंद जिले के थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ रायपुर और महासमुंद जिलों में चोरी और नकबजनी के लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस पूरे मामले का खुलासा रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों के अनुसार, गिरोह के अन्य संपर्कों और संभावित मामलों की भी जांच की जा रही है।








