प्राइम लोकेशन की जमीन दिलाने का झांसा, बयाना लेने के बाद रजिस्ट्री से किया इनकार
बिलासपुर। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में जमीन की खरीद-फरोख्त के नाम पर 13.60 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्राइम लोकेशन की जमीन बेचने का झांसा देकर आरोपियों ने बयाना राशि ले ली, लेकिन बाद में जमीन की रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, लिंगियाडीह स्थित राजीव विहार निवासी योगेश मिश्रा (46 वर्ष) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि अगस्त 2023 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात चांपा निवासी राजेश कुमार सोनी (44 वर्ष) से हुई थी। बातचीत के दौरान राजेश सोनी ने खुद को सरकंडा क्षेत्र की एक जमीन का पावर ऑफ अटॉर्नी धारक बताते हुए जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने जमीन को प्राइम लोकेशन पर स्थित बताते हुए सौदा तय कराया और बयाना के रूप में 13.60 लाख रुपये ले लिए। लेकिन जब रजिस्ट्री कराने का समय आया तो आरोपी टालमटोल करने लगा और अंततः रजिस्ट्री कराने से इनकार कर दिया।

अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।









