तड़के धारदार हथियार से सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, पुलिस जांच में जुटी
रायपुर। राजधानी रायपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मजदूर की हत्या से सनसनी फैल गई। यातायात थाना के सामने स्थित एक कॉम्प्लेक्स के बाहर मजदूर का खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नेहरू नगर निवासी प्रकाश हरिजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि वारदात तड़के सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हुई।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि मृतक का शव कॉम्प्लेक्स के बाहर ही पड़ा मिला। सुबह लोगों की नजर शव पर पड़ते ही पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हत्या के कारणों एवं आरोपियों की तलाश की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।









