मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, लात-घूंसे चले और टेबल-कुर्सियां फेंकी गईं
जगदलपुर। हॉलीवुड फिल्म Spider-Man: Brand New Day को लेकर युवाओं में दिख रहा उत्साह जगदलपुर में हिंसक विवाद में बदल गया। शहर के झंकार टॉकीज में फिल्म देखने पहुंचे युवाओं के दो गुटों के बीच मामूली कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले और सिनेमाघर के अंदर रखी टेबल-कुर्सियां भी एक-दूसरे पर फेंकी गईं।

जानकारी के अनुसार, घटना शहर के झंकार टॉकीज की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, किसी बात को लेकर शुरू हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इससे सिनेमाघर परिसर में अफरा-तफरी मच गई और फिल्म देखने पहुंचे अन्य दर्शकों में भी दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवकों के बीच मारपीट और सिनेमाघर के अंदर हंगामे का दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है।







