टीकमगढ़ में दबिश देकर पुलिस ने दबोचा तस्कर, अंतर्राज्यीय नेटवर्क की जांच तेज
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में 311 किलोग्राम गांजा तस्करी के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहा था, लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश के लिए लगातार तकनीकी साक्ष्यों, साइबर सेल की सहायता और मुखबिर तंत्र का उपयोग किया जा रहा था। इन्हीं प्रयासों के आधार पर उसकी लोकेशन का पता लगाया गया और टीकमगढ़ में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी से गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के कई अहम राज खुल सकते हैं।
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। साथ ही गांजा सप्लाई चेन, तस्करी के रूट और गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए हर पहलू की जांच की जा रही है।







