देशभर से जुटेंगे सदस्य, समाजसेवा और विस्तार योजनाओं पर होगा मंथन
भिलाई। अभिनेता, समाजसेवी एवं परोपकारी व्यक्तित्व सोनू सूद आज भिलाई पहुंच रहे हैं। इस अवसर पर यहां “सोनू सूद चैरिटी क्लब (SSCC)” की वार्षिक बैठक (Annual Meet) का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से क्लब के सदस्य एवं पदाधिकारी शामिल होंगे।
क्लब हेड दीक्षा नागदेवे ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन केवल एक बैठक नहीं, बल्कि समाजसेवा से जुड़े व्यापक नेटवर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का लक्ष्य
दीक्षा नागदेवे ने बताया कि सोनू सूद फाउंडेशन और चैरिटी क्लब का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। इसके तहत स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवकों का एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया गया है, जो जरूरतमंद लोगों की सहायता में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इस नेटवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य सहायता, शिक्षा, रोजगार मार्गदर्शन, आपदा राहत, भोजन वितरण, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और अन्य सामाजिक कार्यों को गति दी जाती है।
वार्षिक बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा और भविष्य की रणनीति
बैठक में पिछले एक वर्ष के सेवा कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही आगामी योजनाओं पर विचार-विमर्श करते हुए देशभर में सोनू सूद चैरिटी क्लब के विस्तार की रणनीति भी तैयार की जाएगी।
विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे समाजसेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी और संगठित बनाया जा सके।
सेवा, समर्पण और मानवता के संकल्प के साथ आयोजन
बैठक में शामिल सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों के साथ यह अभियान आगे बढ़ेगा और आने वाले समय में अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाई जाएगी।
कार्यक्रम में यह भी विश्वास जताया गया कि सोनू सूद के मार्गदर्शन में यह पहल समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।











