एनीकट में बहने से मछुआरे की मौत, 9 वर्षीय छात्र समेत दो लोग लापता
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश अब जानलेवा साबित हो रही है। सिहावा थाना क्षेत्र से तीन अलग-अलग घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। एक ओर उफनते एनीकट में बहने से एक मछुआरे की मौत हो गई, वहीं चौथी कक्षा का 9 वर्षीय छात्र पिछले पांच दिनों से लापता है। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की भी सूचना है।

एनीकट में तेज बहाव की चपेट में आया मछुआरा
जानकारी के अनुसार, घोटगांव निवासी धनंजय तेता मछली पकड़ने के लिए सेमरा एनीकट गए थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से एनीकट के रपटे पर तेज बहाव आ गया। बहाव की चपेट में आने से धनंजय पानी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने तलाश अभियान शुरू किया। दो दिन तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उनका शव बरामद किया गया।

पांच दिनों से लापता है 9 वर्षीय छात्र
दूसरी घटना में सिरसिदा गांव का रहने वाला चौथी कक्षा का 9 वर्षीय छात्र खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। घटना को पांच दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है।

एक अन्य व्यक्ति भी लापता
क्षेत्र से एक अन्य व्यक्ति के लापता होने की सूचना भी सामने आई है। हालांकि, उसके संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है। प्रशासन सभी मामलों में खोजबीन और जांच जारी रखे हुए है।
प्रशासन ने लोगों से बरसात में सतर्क रहने की अपील की
लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों और एनीकटों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।








