ट्रक ने कांवड़ियों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 7 घायल; एक की हालत गंभीर
एटा। उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सावन के पावन महीने के दौरान कांवड़ यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। कोतवाली देहात क्षेत्र स्थित हाईवे पर कांवड़ियों से भरे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 7 कांवड़िए घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु को बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

सोरों गंगा घाट जा रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु मैनपुरी जिले के कुरावली थाना क्षेत्र के किशनपुर गांव के निवासी हैं। वे ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर सोरों गंगा घाट जा रहे थे, जहां से गंगाजल लेकर अपने क्षेत्र के शिव मंदिरों में जलाभिषेक करना था। ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 17 कांवड़िए सवार थे।

बारिश के कारण धीमी थी रफ्तार
बताया जा रहा है कि रास्ते में बारिश होने की वजह से ट्रैक्टर-ट्रॉली धीमी गति से चल रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घायलों का इलाज जारी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सात श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे के बाद कांवड़ यात्रा मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।






