पीछा करने का आरोप, सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर; युवक पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
दुर्ग। भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में एक युवती ने उसका पीछा करने का आरोप लगाते हुए एक युवक को बीच सड़क पर रोककर चप्पलों और थप्पड़ों से जमकर पीट दिया। इस दौरान युवती ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड किया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने युवक पर लंबे समय से पीछा करने और परेशान करने का आरोप लगाया। सड़क पर हुए इस घटनाक्रम के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जुट गई और काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

घटना की सूचना मिलने पर सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की और प्रारंभिक जांच के बाद युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।







