तेज आवाज में डीजे बजाने की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस, समझाइश के बाद भी हुआ विवाद
रायपुर। राजधानी रायपुर में देर रात जन्मदिन की पार्टी के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाकर हुल्लड़बाजी करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। गांधी नगर स्थित कालीबाड़ी क्षेत्र में पुलिस से विवाद और झूमाझटकी के बाद पुलिस ने सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त 2026 की रात करीब 3 बजे थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि प्रताप ताण्डी के मकान की छत पर कुछ युवक-युवतियां जन्मदिन की पार्टी मना रहे हैं और तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाकर आसपास के लोगों को परेशान कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक समझाइश के बाद संबंधित लोगों ने साउंड सिस्टम बंद कर दिया। हालांकि, बाद में दोबारा हंगामा होने और पुलिस कार्रवाई में बाधा उत्पन्न करने की स्थिति निर्मित हो गई, जिसके चलते पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि रात्रि गश्त के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। देर रात तेज आवाज में डीजे बजाकर सार्वजनिक शांति भंग करने और पुलिस कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







