कोर्ट के आदेश पर उतई पुलिस ने दर्ज किया मामला, कांग्रेस नेत्री समेत पति और बेटे पर धोखाधड़ी के आरोप
दुर्ग। जिले में करोड़ों रुपये की जमीन के सौदे में कथित फर्जीवाड़े के मामले में कांग्रेस नेत्री एवं भिलाई नगर निगम की एमआईसी सदस्य रीता सिंह, उनके पति रमेश चंद्र सिंह और बेटे मानवचंद सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पाटन स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) के आदेश पर उतई पुलिस ने की है।
मामला रायपुर निवासी बीपी सिंह की शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने अदालत में निजी परिवाद दायर कर आरोप लगाया था कि जमीन सौदे में उनके साथ धोखाधड़ी की गई। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने प्रथम दृष्टया आरोपों को गंभीर मानते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही उतई पुलिस को 15 दिनों के भीतर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत करने का आदेश भी दिया है।
4.50 करोड़ में तय हुआ था सौदा
शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में छांटा स्थित गिट्टी खदान और उससे लगी करीब 25 एकड़ जमीन का सौदा 4 करोड़ 50 लाख रुपये में तय हुआ था। इस सौदे में एक चैन मशीन और दो हाइवा वाहन भी शामिल थे।
जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद
शिकायतकर्ता का आरोप है कि कुल 25 एकड़ भूमि में से केवल 13 एकड़ जमीन ही आरोपियों के नाम पर थी। जबकि 7 एकड़ दान की जमीन और 5 एकड़ सरकारी लीज की जमीन को भी सौदे का हिस्सा बताया गया। इसी आधार पर शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन के स्वामित्व से जुड़े तथ्यों को छिपाकर धोखाधड़ी की गई।
फिलहाल मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपों की पुष्टि या खंडन जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






