सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने बरामद की लूटी गई स्कूटी, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू
बिलासपुर। थाना चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू (ACCU) की संयुक्त टीम ने लूट की एक वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई स्कूटी, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सेंवार निवासी सुनील यादव ने थाना चकरभाठा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह सिरगिट्टी स्थित नर्मदा कोल्ड ड्रिंक में हाउसकीपिंग का कार्य करता है। 16 जून 2026 की रात लगभग 10:30 बजे वह अपनी स्कूटी (क्रमांक CG 10 ED 9432) से काम खत्म कर घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे और उसे अचानक थप्पड़ मारकर सड़क पर गिरा दिया।
पीड़ित के गिरते ही आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू तानकर जान से मारने की धमकी देते हुए नकदी की मांग की। इसके बाद आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 395 रुपये लूट लिए और उसकी स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान सुनिश्चित हुई।
जांच में सामने आया कि वारदात में शामिल आरोपी नयापारा सिरगिट्टी निवासी प्रकाश यादव उर्फ रवि यादव (20 वर्ष), रोहन दास (21 वर्ष) और एक विधि से संघर्षरत बालक हैं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, लूटी गई 395 रुपये की नकदी और स्कूटी (प्लेजर मोपेड) बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








