कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अधिकारियों की बैठक लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
आगामी नीट-2026 परीक्षा के सफल और निष्पक्ष आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर परीक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा जैसे संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित एसओपी का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
19 परीक्षा केंद्रों में होंगे परीक्षा आयोजन
जिले के 19 परीक्षा केंद्रों में कुल 6,939 परीक्षार्थी नीट-2026 परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न केंद्रों पर ऑब्जर्वर और चिकित्सा अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
100 मीटर के दायरे में नहीं चलेंगे कोचिंग सेंटर
परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार के कोचिंग सेंटर के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा केंद्र परिसर में टेंट, एलईडी स्क्रीन या अन्य अनावश्यक व्यवस्थाओं की अनुमति नहीं होगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं की रहेगी विशेष व्यवस्था
परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की जाएगी। प्रत्येक केंद्र में दो-दो पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहेंगे, जो ग्लूकोज पैकेट, बीपी मशीन तथा आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे।इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में लाउडस्पीकर के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रवेश के लिए सख्त नियम लागू
नीट-2026 परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षार्थियों को केवल प्रवेश पत्र और वैध फोटो पहचान पत्र के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा।
परीक्षा केंद्रों में पाउच, ज्वेलरी, अंगूठी, चैन, डिजिटल वॉच, जूते, मोजे, धातुयुक्त वस्तुएं और हाई हील चप्पल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। पहचान सत्यापन के लिए थंब इम्प्रेशन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
1:30 बजे तक केंद्र में प्रवेश अनिवार्य
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि सभी परीक्षार्थियों को दोपहर 1:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश दिलाया जाए, ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रवेश पत्र में निर्धारित स्लॉट के अनुसार ही अभ्यर्थियों को केंद्र में प्रवेश मिलेगा।
अभिभावकों और बैग रखने की व्यवस्था
परीक्षा केंद्रों के आसपास अभिभावकों के ठहरने के लिए उपलब्ध शासकीय परिसरों की जानकारी देने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए हैं। वहीं परीक्षार्थियों के बैग और अन्य सामान रखने के लिए प्रवेश द्वार से पहले अलग कक्ष की व्यवस्था की जाएगी।
शांतिपूर्ण और पारदर्शी परीक्षा पर जोर
बैठक के अंत में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में परीक्षा ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









