सरकार कर रही निरंतर मॉनिटरिंग
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग कर रही है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि राज्य में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
जशपुर जिले में 61 पेट्रोल पंपों से सुचारु आपूर्ति
जशपुर जिले में भी पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। जिले में कुल 61 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें इंडियन ऑयल के 28, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 24 और भारत पेट्रोलियम के 9 पंप शामिल हैं। प्रशासन के अनुसार सभी पंपों पर नियमित रूप से ईंधन की आपूर्ति की जा रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है।
खरीफ सीजन के कारण बढ़ी डीजल की मांग
प्री-मानसून वर्षा के बाद खरीफ फसलों की तैयारी के चलते कृषि कार्यों में डीजल की मांग में वृद्धि देखी जा रही है। इसके बावजूद आपूर्ति तंत्र पूरी तरह संतुलित है और आवश्यक मात्रा में ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।









