कोपाबेड़ा जलाशय सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान हुआ हादसा, पहले भी जा चुकी है एक बच्चे की जान
कोंडागांव। नगर के कोपाबेड़ा जलाशय के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान निर्माणाधीन नाले में डूबने से छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

घर के पास खेलते समय नाले में गिरी बच्ची
जानकारी के अनुसार, नहरपारा निवासी चांदनी नाग (6 वर्ष), पिता मानसिंह नाग, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे घर के पास खेल रही थी। इसी दौरान वह निर्माणाधीन नाले में भरे पानी में फिसलकर गिर गई। गहरे पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने निकाला शव
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्ची को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी निर्माणाधीन नाले में पहले भी एक बच्चे की जान जा चुकी है। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा न तो बैरिकेडिंग कराई गई और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए। सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं।
जांच और कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी।







