प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश सुना, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी दिलाया संकल्प
महासमुंद। जिला पंचायत सभागार में सोमवार को “नशा मुक्त युवा और विकसित भारत संकल्प” अभियान के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सीधा संदेश प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और युवाओं ने ध्यानपूर्वक सुना। इसके बाद सभी ने नशा मुक्त भारत के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।

युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
कार्यक्रम में युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। इसलिए युवाओं को सकारात्मक सोच और बेहतर जीवनशैली अपनानी चाहिए।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत सिंह साहेब, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, छत्तीसगढ़ बीज निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष सरला कोसरिया, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेश चंद्रवंशी, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल, जिला स्काउट-गाइड संघ के अध्यक्ष येतराम साहू, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, महेंद्र सिक्का, राहुल चंद्राकर, जिला पंचायत सदस्य, पार्षदगण, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा आनंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।
नशा मुक्त भारत के निर्माण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए सामूहिक शपथ ली। अभियान के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।







