DCP के निर्देशों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक महिला द्वारा पुलिस आयुक्त कार्यालय में की गई शिकायत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर चर्चा में आ गई है। महिला ने अपनी शिकायत में मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, अभद्र व्यवहार, महिला की गरिमा भंग करने के प्रयास, अश्लील गाली-गलौज, राजनीतिक दबाव तथा झूठे आपराधिक प्रकरण में फंसाने की कथित साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

पीड़िता का कहना है कि मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त कार्यालय में किए जाने के बाद पुलिस उपायुक्त (DCP) अमित तुकाराम कामले ने उपलब्ध वीडियो और शिकायत की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद न्यू राजेंद्र नगर थाना स्तर पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।
महिला का आरोप है कि थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारी के निर्देशों का पालन नहीं किया और मामले की जांच में गंभीर लापरवाही बरती, जिससे निष्पक्ष विवेचना पर सवाल खड़े हो गए हैं। उनका कहना है कि पुलिस की इस कार्यशैली से न्याय मिलने की उनकी उम्मीद को झटका लगा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पुलिस कार्रवाई को प्रभावित करने का प्रयास किया गया, जिसके कारण पूरे मामले की निष्पक्षता संदेह के घेरे में आ गई है। पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।








