गौ चिकित्सा और गौचारा परिसर निर्माण का भूमिपूजन, गौसेवा को बताया भारतीय संस्कृति की पहचान
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव स्थित श्री गौशाला पिंजरापोल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर गौसेवा से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने “मनोहर गौछाया परिसर” का लोकार्पण किया और “गौ चिकित्सा परिसर” तथा “गौचारा परिसर” के निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।

कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने गौसेवा को भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि गौशालाओं का विकास केवल पशुओं के संरक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना को भी मजबूत करता है।

इस अवसर पर राजनांदगांव महापौर मधुसूदन यादव, गौशाला समिति के पदाधिकारी, दानदाता परिवार, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में गौसेवक मौजूद रहे। कार्यक्रम में गौसंरक्षण और गौशाला के विकास को लेकर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।

नवनिर्मित और प्रस्तावित परिसरों के माध्यम से गौशाला में पशुओं के उपचार, संरक्षण और चारे की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई गई। इससे गौशाला की सुविधाओं में विस्तार होगा और गौवंश की देखभाल अधिक व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी।







