असली आभूषणों की जगह रखे नकली कंगन, 14.50 लाख रुपये के सोने के गहने बरामद
रायपुर। राजधानी रायपुर के गोलबाजार थाना क्षेत्र स्थित रिलायंस ज्वेलर्स में लाखों रुपये के सोने के आभूषणों की सुनियोजित हेराफेरी का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में कंपनी के पूर्व कर्मचारी मनोज यादव को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने असली सोने के आभूषण निकालकर उनकी जगह नकली कंगन रख दिए थे।
पुलिस के अनुसार, मामले की शुरुआत रिलायंस ज्वेलर्स के स्टोर मैनेजर की लिखित शिकायत से हुई। शिकायत के आधार पर गोलबाजार थाना में अपराध क्रमांक 116/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 80 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 14.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने नौकरी के दौरान अपने पद का दुरुपयोग कर इस हेराफेरी को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है।







