वेतन का हिस्सा बेटे के खाते में ट्रांसफर कराने का आरोप, 1.49 लाख रुपये के गबन का मामला दर्ज
दुर्ग। हेमचंद यादव विश्वविद्यालय, दुर्ग के कुलसचिव भूपेन्द्र कुमार कुलदीप को महिला कर्मचारी के वेतन में कथित गड़बड़ी और आर्थिक अनियमितता के मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में करीब 1 लाख 49 हजार 384 रुपये के गबन का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ अपराध दर्ज कर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, कुलसचिव पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए विश्वविद्यालय में कार्यरत एक दैनिक वेतनभोगी महिला कर्मचारी पर दबाव बनाया। आरोप है कि कर्मचारी की सैलरी का बड़ा हिस्सा हर महीने ऑनलाइन माध्यम से कुलसचिव के बेटे के बैंक खाते में ट्रांसफर कराया जाता था।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की गई, जिसमें आर्थिक अनियमितता की पुष्टि होने पर मोहन नगर थाना पुलिस ने आरोपी कुलसचिव के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।
हालांकि, गिरफ्तारी के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।







