आरोपी पहले भी कर चुका था परेशान, दो बार पंचायत में माफी के बावजूद नहीं बदली हरकत
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में एक निजी स्कूल की शिक्षिका संध्या की चाकू से निर्मम हत्या के मामले में जांच के दौरान कई अहम खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी अमित और शिक्षिका की पहचान करीब एक वर्ष पुरानी थी। आरोपी लंबे समय से उन्हें कथित रूप से परेशान कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी की हरकतों से परेशान होकर गांव में दो बार पंचायत भी बुलाई गई थी। दोनों बार आरोपी ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, लेकिन इसके बावजूद उसने शिक्षिका का पीछा करना और परेशान करना बंद नहीं किया।
घटना के दिन आरोपी स्कूल परिसर में घुस गया और शिक्षिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू की। आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात की योजना कब और कैसे बनाई गई।
इस घटना ने स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।







