SDRF की टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन, घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर नदी में मिला शव
रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में डूबे 30 वर्षीय सुधांशु तिवारी का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। सोमवार सुबह से एसडीआरएफ (SDRF) की टीम और गोताखोरों द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद शव को घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर नदी से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम सुधांशु तिवारी अपने दोस्तों के साथ बेंद्री डैम में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक गहरे पानी में चले जाने से तीन युवक डूबने लगे। मौके पर मौजूद मछुआरों ने तत्काल साहस दिखाते हुए बचाव अभियान शुरू किया और दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सुधांशु तिवारी गहरे पानी में समा गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। रविवार देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में गोताखोरों ने करीब 24 घंटे बाद शव को खोज निकाला।
शव मिलने के बाद पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है, वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









